कुल्हाड़ी से वार कर की थी महंत की हत्या, शव बरामद

गुमशुदगी से उठा पर्दा, आरोपित दम्पत्ति समेत तीन गिरफ्तार

हरिद्वार। जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र में लापता हुए महंत के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। महंत लापता नहीं हुए थे, बल्कि उनकी कुल्हाड़ी से वार कर हत्या की गयी थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए हत्यारोपियों की निशांदेही पर मृतक का शव व कुल्हाड़ी की बरामद कर ली है। मुख्य आरोपित ने हत्या के बाद अपने भाई की मदद से शव को नदी में बहा दिया था।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि 10 फरवरी को ग्राम मोहम्मद बेगपुर उर्फ टकाभरी निवासी श्याम सिह ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर रविदास आश्रम में निवासरत महात्मा बृजेश दास के 5 फरवरी ने बिना बताये कहीं चले जाने के संबंध में गुमशुदगी दर्ज करायी थी।

गुमशुदा बृजेशदास की तलाश में जुटी थाना भगवानपुर व सीआईयू रुड़की की संयुक्त पुलिस टीम ने विभिन्न सुरागों के आधार पर जानकारी जुटाई तो सामने आया कि गुमशुदा बृजेश दास बागपत निवासी एक महिला के संपर्क में था तथा अंतिम बार भी उक्त महिला से ही मोबाइल नंबर के जरिए बात हुई थी।

पूछताछ में खुला चिट्ठा
सामने आयी जानकारी के मुताबिक जब पुलिस टीम ने उक्त महिला व उसके पति से गंभीरता से पूछताछ की तो महिला ने बताया कि पुराना परिचित होने व रिश्तेदारी में आने के चलते गुमशुदा बृजेश दास का अक्सर उसके घर पर आना जाना था। इस बीच बृजेश द्वारा अक्सर मानसिक व वित्तीय तौर पर परेशान किए जाने व अनावश्यक दबाव डालने पर महिला ने 5 फरवरी को कॉल कर बृजेश दास अपने घर पर बुलाया, जहां योजना के मुताबिक घर पहुंचे महिला के पति ने कुल्हाडी से वार कर बृजेश दास की हत्या कर दी। हत्या के बाद हत्यारोपी और उसके भाई ने रात के अंधेरे में शव और बाइक कृष्णा नदी में बहा दिए।

सबूतों को किया आग के हवाले
कत्ल की इस वारदात को छिपाने के लिए हत्यारोपियों ने मृतक का मोबाईल फोन, बिस्तर पर लगी चादर, गद्दा, मृतक के कुछ कपड़े व शव लपेटने के लिए इस्तेमाल की गई चादर को आग लगाकर नष्ट करने का भी प्रयास किया।

निशांदेही पर शव व कुल्हाड़ी बरामद
हत्यारोपियों की निशांदेही पर पुलिस टीम ने नदी के किनारे से गुमशुदा महंत बृजेश दास का शव बरामद कर लिया। इसके साथ ही पुलिस टीम ने छिपाकर रखी गयी कुल्हाड़ी, मृतक के मोबाइल के अधजले पार्टस, कपडों की राख आदि भी बरामद की। पकड़े गए आरोपितों के नाम पते संजीव पुत्र स्व. रामपाल निवासी ग्राम गांगनौली थाना दोघट जिला बागपत उ.प्र., महिला पत्नी संजीव व जोगेन्द्र पुत्र स्व. रामपाल वर्तमान निवासी सोनीपत हरियाणा बताए गए हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए तीनों का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *