विनोद धीमान
हरिद्वार। जमदग्नि पब्लिक स्कूल लक्सर के कक्षा दसवीं के मेधावी छात्र नैतिक singhal ने ‘आर्यभट्ट गणित चैलेंज – 2024’ में संपूर्ण देहरादून क्षेत्र के शीर्ष 100 विद्यार्थियों में स्थान हासिल कर लक्सर क्षेत्र और विद्यालय का मान बढ़ाया है।
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता के पहले चरण में देशभर के 5000 से अधिक विद्यालयों के लगभग 5,50,000 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। इनमें से मात्र 8590 विद्यार्थी ही राष्ट्रीय स्तर के दूसरे चरण तक पहुँच पाए। नैतिक का यह प्रदर्शन उनके परिश्रम, लगन और विद्यालय के उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस उपलब्धि में गणित विभागाध्यक्ष सुश्री सोनाली जोशी की अहम भूमिका रही। उनके सतत मार्गदर्शन और प्रेरणा से नैतिक ने यह सफलता अर्जित की। सुश्री जोशी वही कर्मठ और समर्पित शिक्षिका हैं जिनके मार्गदर्शन में पिछले वर्ष छात्र प्रीत पवार ने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय और पूरे लक्सर क्षेत्र का नाम रोशन किया था। उनकी ईमानदार मेहनत का सीधा असर विद्यार्थियों के प्रदर्शन में झलकता है।
विद्यालय परिवार, प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ ने नैतिक सिंगल और उनके अभिभावकों को इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।