गांव छोड़ दे वरना मार दिए जाओगे, जमीन विवाद में दबंगई का आरोप, दस पर मुकदमा

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर तहसील क्षेत्र में जमीन विवाद अब खुलेआम धमकियों और दबंगई तक पहुंच गया है। हरियाणा निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी पुश्तैनी जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने की साजिश रची गई और जब उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया तो आरोपित उसका पीछा कर जान से मारने की धमकी देने लगे।


अली मौहम्मद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ऐथल बुजुर्ग स्थित उसकी कृषि भूमि पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड लगाकर इकरारनामा तैयार करा लिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि सौदे में लाखों रुपये का लेनदेन भी दिखाया गया है।


पीड़ित के मुताबिक, जब उसने कोर्ट में मामला दायर किया तो आरोपितों ने उसे रास्ते में घेरना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि “गांव छोड़कर चला जा, नहीं तो जान से हाथ धो बैठेगा। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ आरोपित पहले भी धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

तहरीर में साहिल, अफजाल, अश्वनी, दीपक रावत, राकेश, उमद सिंह, कर्मजीत सिंह, इरशाद, कुर्बान और सोनू के नाम शामिल हैं। पीड़ित का कहना है कि अब उसे अपनी ही जमीन पर जाने से डर लगने लगा है और वह जान बचाने के लिए छिपता फिर रहा है।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *