हरिद्वार। पुरानी रंजिश को लेकर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों तरफ से लाठी डंडे और धारदार हथियारों से हमला किया गया। हमले में फायरिंग की बात भी सामने आ रही है। घटना में ग्राम प्रधान पर चाकू से हमला किया गया। जिस कारण से ग्राम प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्राम प्रधान के अलावा हमले में कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि, किसी भी पक्ष की ओर से अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के मुताबिक पथरी थाना क्षेत्र के गांव बुक्कनपुर में एक युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग का मामला चला आ रहा था। कुछ दिन पहले दोनों के परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो युवती के परिजनांे इस पर ने एतराज जताया। इसके बाद पंचायत में आपसी सहमति के आधार पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया, लेकिन अंदरूनी तौर पर रंजिश जारी रही। लड़की पक्ष का कहना है कि लड़की को अगवा करने वाले लोगों ने उनके परिवार के एक लड़के को डरा धमका कर फैसले पर साईन करा लिए हैं, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं है। वहीं आज सुबह लगभग 9 बजे के आसपास दोनों पक्षों में इसी बात को लेकर फिर से कहासुनी हुई और देखते-देखते दोनों और से लाठी डंडे व चाकू चलने लगे।
दोनों तरफ से हुए हमले में ग्राम प्रधान सुशील कुमार, लेख सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल समेत छह से अधिक लोग घायल हो गए। दोनों तरफ से फायरिंग की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों की सूचना पर चेतक पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा शांत कराया। सीओ लक्सर निहारिका सेमवाल ने बताया कि दोनों पक्ष के घायल उपचार करा रहे हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।