कार से वीवीआईपी ड्यूटी पर जा रहे एक दरोगा सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में दरोगा सहित तीन लोग घायल हो गए, जिन्हंे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक चंपावत के लोहाघाट में एएसआई गणेश माजिला सोमवार रात वीवीआईपी ड्यूटी करने पंतनगर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार कत्था फैक्ट्री के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे टाटा एस वाहन से टक्कर हो गई। इसी बीच पीछे से आया स्कूटी सवार भी उनकी कार से टकरा गया। हादसे में एएसआई गणेश माजिला, टाटा एस चालक जीतपुर नेगी निवासी योगेश जोशी और स्कूटी सवार भी घायल हो गया।
हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी प्रभारी सुशील जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से तीनो को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।


