हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने छापेमारी कर अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से छह अवैध तमंचों समेत भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस उपाधीक्षक रुड़की के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
टीम ने मुखबिर की सूचना पर सुनहरा सलेमपुर रोड स्थित जेपीएस टोटल सोल्यूशन वर्कशॉप में छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस ने अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का खुलासा करते हुए आरोपी जावेद पुत्र ताहिर अहमद निवासी शक्ति मोहल्ला, थाना सिविल लाइन्स रुड़की को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका पुश्तैनी काम खराद (मशीन वर्क) का है। इसी हुनर का फायदा उठाकर वह अपनी वर्कशॉप में मशीनों की मदद से डाई (फॉर्मा) तैयार करता था और उसी के जरिए अवैध तमंचे व पिस्टल बनाकर बेचने का काम कर रहा था।
पुलिस ने मौके से 06 अवैध तमंचे, एक अधबनी पिस्टल, एक अधबनी .22 बोर राइफल, .22 बोर व 32 बोर के कारतूस, खोखा कारतूस, मैगजीन और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।


