20 घंटे में 3 वर्षीय बच्चे के अपहरण का खुलासा, सकुशल बरामद
हरिद्वार। जनपद की कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर 3 वर्षीय मासूम बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज खुलासा करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार बच्चे का अपहरण कथित तौर पर तंत्र-मंत्र एवं जादू-टोने के उद्देश्य से किया गया था।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सका। मामले की जानकारी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने पत्रकारवार्ता के दौरान दी।
जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 को भगतोवाली, झबरेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली झबरेड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि शादी समारोह के दौरान उसका तीन वर्षीय बच्चा अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह ने विशेष पुलिस टीम गठित कर बच्चे की शीघ्र सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। मामले की निगरानी की जिम्मेदारी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई, जबकि सर्विलांस और तकनीकी सहायता के लिए सीआईयू रुड़की को लगाया गया।
गठित टीम ने कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रेसिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान 15 मई को पुलिस ने संदिग्ध गरजा उर्फ गजे को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने बच्चे के अपहरण की बात स्वीकार कर अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए।
इसके बाद पुलिस टीम सकरपुर गांव से पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुंची, जहां एक व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी बच्चे को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और उसे सुरक्षित हरिद्वार लाया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में वैधानिक कार्रवाई कैट आरोपियों का चालान कर दिया गया है। घटना के खुलासे और बच्चे की सुरक्षित बरामदगी पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा लोगों ने हरिद्वार पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम पता गरजा उर्फ गजे पुत्र मक्कू सिंह निवासी सकरपुर, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश बताया गया है।


