समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान

650वीं जयंती पर कलश बंधन महारैली में शामिल हुए मुख्यमंत्री, कहा— जन्म नहीं, श्रेष्ठ कर्म बनाते हैं व्यक्ति को महान; भगवानपुर में करोड़ों की विकास परियोजनाओं का भी किया उल्लेख


हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भगवानपुर के चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली के साथ प्रदेशव्यापी समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं सिर पर कलश रखकर सीएमडी इंटर कॉलेज तक यात्रा में शामिल हुए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है तथा यह अभियान संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि “कोई व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा से महान बनता है।”


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये की बाढ़ सुरक्षा परियोजना, 3 करोड़ रुपये से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट तथा 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में सड़क, संपर्क मार्ग, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट सहित अनेक विकास कार्य पूरे किए गए हैं।


कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संत रविदास के विचारों और उनकी जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को देशभर में कलश यात्राओं के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में शुरू हुई समरसता संकल्प यात्रा समाज में समानता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करेगी।


स्वामी निर्मलदास ने मुख्यमंत्री के विकास कार्यों की सराहना करते हुए लोगों से धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश भेंट कर समरसता संकल्प यात्रा को पूरे उत्तराखंड में संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *