कांवड़ मेले में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, सुभाष घाट से 70 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

हर की पैड़ी क्षेत्र में छापेमारी के दौरान लावारिस मिला प्लास्टिक, स्वामी की तलाश जारी


हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हर की पैड़ी और आसपास के घाटों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार और गुरुवार को नगर निगम की टीम ने हर की पैड़ी के निकट सुभाष घाट पर छापेमारी कर करीब 70 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक शीट और कैरी बैग जब्त किए।


मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सुभाष घाट के पास बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री लावारिस अवस्था में पड़ी मिली। टीम ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी व्यक्ति सामान का स्वामी नहीं निकला। इसके बाद नगर निगम ने पूरी सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया।


नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि संबंधित व्यक्ति की पहचान होने पर उसके खिलाफ प्लास्टिक प्रतिबंध अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने व्यापारियों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल कांवड़ मेले के आयोजन में अपना सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *