हरिद्वार में बुजुर्ग महिला को सम्मोहित कर ठगे 50 हजार व कानों के कुण्डल

हरिद्वार। मध्य हरिद्वार स्थित गोविंदपुरी के सामने मुख्य मार्ग पर एक बुजुर्ग महिला को सम्मोहित कर उससे 50 हजार रुपये नगद और कानों के कुंडल ठगने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित का पकड़ने के लिए नाकेबंदी की, किन्तु आरोपित का कुछ पता नहीं चला। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।


जानकारी के मुताबिक ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित गोविंदपुरी के मान्यवर शोरूम से पहले जूस का ठेला लगता है। भीड़ भाड़ वाले इस इलाके में राजीव नगर कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला आनंदी पंजाब नेशनल बैक की शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर लाई थी। घर जाते समय जब वह जूस वाले के सामने पहुंची तो उसे ठगों ने रोक लिया। बुजुर्ग महिला को अपने मोह जाल में फांसकर ठगों ने उससे 50 हजार रुपये और उसके कुंडल भी ठग लिए। कुछ देर बाद महिला को अपने ठगे जाने का अहसास हुआ। मामले की सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला आनंदी से पूरे प्रकरण की जानकारी ली। पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों को पकड़ने के लिए चैकिंग अभियान चलाया है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही आरोपित को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *