एचआरडीए ने अवैध निर्माण किया सील

हरिद्वार। अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण ने शनिवार को सप्तसरोवर क्षेत्र में एक अनाधिकृत व्यावसायिक निर्माण पर कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया। यह कार्रवाई भारतमाता पुरम रोड स्थित वीर धाम के निकट की गई, जहां बिना मानचित्र स्वीकृति के व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था।
प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष कर्णवाल ने लगभग 60 फुट × 30 फुट क्षेत्रफल में व्यावसायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त निर्माण कार्य के लिए प्राधिकरण से कोई स्वीकृत मानचित्र प्राप्त नहीं किया गया था, जो प्राधिकरण के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।


प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही मौके पर उपस्थित निर्माणकर्ता को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जब तक विधिवत मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया जाता, तब तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाए।


एचआरडीए सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि हरिद्वार में अनाधिकृत निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर ऐसे निर्माणों के खिलाफ निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके और नियमों का पालन कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *