विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र से शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में सुल्तानपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि करीब छह माह पहले वह घर में चल रही रंजिश के चलते अपनी मुंह बोली बुआ के घर देवबंद क्षेत्र के एक गांव में रहने चली गई थी। आरोप है कि वहां रहने के दौरान उसके मुंह बोले फूफा ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया, जिसकी जानकारी उसने बुआ को दी। बुआ ने इस बात पर अपने पति को डांटते हुए मामले को शांत कराया।
पीडि़ता का आरोप है कि इसके बाद मुंह बोली बुआ ने अपने रिश्ते के देवर के साथ उसकी शादी कराने की बात कही। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और आरोपी युवक ने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद जब युवती ने शादी की बात कही तो आरोपी भड़क गया और शादी से इनकार करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। घटना के बाद युवती अपने गांव सुल्तानपुर लौट आई और पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, जांच में तथ्य सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


