हरिद्वार। जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की हत्या उसके ही दो दोस्तों ने की थी। शराब पीने के दौरान पैसों के लेनदेन और वीडियो बनाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने कपिल की हत्या कर शव को रजवाहे में डाल दिया और मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
रजवाहे में मिला था अज्ञात शव
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को कोतवाली मंगलौर को सूचना मिली थी कि ग्राम टिकोला के रजवाहे में एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मंगलौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए और फील्ड यूनिट ने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। जांच के दौरान मृतक की पहचान कपिल पुत्र मेघपाल, निवासी ग्राम टिकोला, कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार के रूप में हुई।
भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
मृतक के भाई अमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने रितिक और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामला दर्ज होने के बाद हरिद्वार एसएसपी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास सुराग जुटाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर जानकारी एकत्र की। मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट और जांच के आधार पर नामजद आरोपियों की संलिप्तता प्रथम दृष्टया सामने आई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा दीपक पंवार पुत्र सुरेश, निवासी उपरोक्त के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
दोस्ती, पैसों का लेनदेन और वीडियो बना वजह
पुलिस के मुताबिक मृतक कपिल और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे तथा उनके बीच पैसों का लेनदेन भी चलता था। पुलिस जांच में सामने आया कि कपिल ने रितिक और दीपक से करीब 15 हजार रुपये उधार लिए थे तथा 700 रुपये के कपड़े भी खरीदे थे।
आरोप है कि घटना वाले दिन दोनों आरोपियों ने योजना के तहत कपिल को टिकोला पुलिया के पास बुलाया। वहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान कपिल ने अपना मोबाइल फोन निकालकर रितिक और दीपक की वीडियो बनाने की बात कही। पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर दोनों आरोपी नाराज हो गए और विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि नाराजगी के चलते दोनों ने कपिल की हत्या कर दी। इसके बाद शव को रजवाहे में डाल दिया और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।


