शनिवार को भीषण सड़क हादसे में एक परिवार पल भर में तबाह हो गया। इस सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसा उधमसिंह नगर जिले के खटीमा में हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा शनिवार दोपहर को खटीमा कोतवाली क्षेत्र में चकरपुर शिव मंदिर के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि खटीमा में पीलीभीत रोड पर मुंडेली गांव की गोयल कॉलोनी में रहने वाले नेम चंद बहादुर अपनी पत्नी सरस्वती देवी, पुत्र वधु कल्पना देवी और नर्मदा देवी के साथ दो अलग-अलग स्कूटियों से किसी कार्यक्रम में शामिल होने नेपाल जा रहे थे। तभी बीच रास्ते में खटीमा से करीब 8 किमी दूर चकरपुर में शिव मंदिर के पास दोनों स्कूटियों की कार से जोरदार टक्कर हो गई।
इस हादसे में स्कूटी सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और चारों को 108 के जरिए पास के हॉस्पिटल में भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
सीओ खटीमा वीर सिंह ने बताया कि परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। कार का ड्राइवर फरार है, जिसकी पुलिस तलाश में जुटी है।


