धरने पर बैठे लोगों ने बुजुर्ग रजिस्ट्रार के सुझाव देने पर की थी मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद कनखल पुलिस की कार्रवाई
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार के साथ मारपीट के मामले में कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रजिस्ट्रार के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुछ लोग अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठे थे। इसी दौरान बुजुर्ग रजिस्ट्रार की ओर से सुझाव दिए जाने पर विवाद हो गया और धरने पर बैठे लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। वायरल वीडियो में रजिस्ट्रार के साथ मारपीट होते दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आने के बाद कनखल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल चार आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में रजनीश भारद्वाज पुत्र स्व. महेश भारद्वाज, नरेंद्र मलिक पुत्र स्व. जयपाल, ओमबीर सिंह पुत्र भूरा सिंह और उमाशंकर पुत्र स्व. भगवान दत्त शर्मा शामिल हैं। चारों आरोपी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, कनखल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में शराब तस्करों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछितों, गुंडा तत्वों, इनामी अपराधियों और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत वायरल वीडियो में सामने आए मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।

