हरिद्वार। एक रबर फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पाकर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री में लगी आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल दमकल की टीम आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक मनीष जैन निवासी दिल्ली की रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में एक रबर की फैक्ट्री है। बताया गया है कि इस फैक्ट्री में टायरों के ऊपर चढ़ने वाली लेयर बनाई जाती है। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे फैक्ट्री में अचानक आग लग गई और धुंआ निकलने लगा। किसी शख्स ने देखा कि फैक्ट्री के अंदर से धुंआ निकल रहा है। इस पर उसके द्वारा अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी गई।
फैक्ट्री में आग लगती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने की जानकारी दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
आग इतनी भयंकर थी कि मौके पर दमकल की चार गाडि़यों को बुलाना पड़ा। तब जाकर दमकल कर्मियों द्वारा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
अग्निकांड के बारे में अग्निशमन अधिकारी सुंदर पाल ने बताया कि आग लगने से कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन फैक्ट्री जलकर राख हो गई है। आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगाने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।