विनोद धीमान
हरिद्वार। बिजली बिल बकायादारों पर ऊर्जा निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को सुल्तानपुर सर्किल में चले सघन अभियान में निगम ने एक ही दिन में 10 लाख 75 हजार रुपये की वसूली कर डाली। बिल न भरने पर दो स्टोन क्रशर समेत 8 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटकर लाइन काट दी गई।
उपखंड अधिकारी गिन्नी रानी के नेतृत्व में टीम ने सुल्तानपुर-आदमपुर नगर पंचायत सहित झीवरहेड़ी, पचेवली, निहेंदपुर और टांडा महतौली गांवों में मोबाइल कैंप लगाए। टीम ने बकायादारों को मौके पर ही बिल जमा करने को कहा, न मानने वालों के कनेक्शन विच्छेद कर दिए।
दो स्टोन क्रशरों पर लाखों रुपये का बकाया चल रहा था। बार-बार नोटिस के बाद भी भुगतान न करने पर दोनों क्रशरों के कनेक्शन काट दिए गए।
एसडीओ गिन्नी रानी ने कहा कि बकाया जमा न करने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अवर अभियंता पवन सक्सेना ने बताया कि क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने और वसूली के लिए लगातार कैंप लगाए जा रहे हैं।


