नशा तस्करों पर पुलिस का प्रहार, दो गिरफ्तार, 960 नशीले कैप्सूल और 500 टैबलेट बरामद

हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगनहर पुलिस और एएनटीएफ हरिद्वार की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 960 नशीले कैप्सूल और 500 टैबलेट बरामद की हैं।


पुलिस के अनुसार, गंगनहर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान विनिश परमार के कब्जे से एक थैले में 960 नशीले कैप्सूल तथा 0.5 मिलीग्राम की 500 अल्प्राजोलाम टैबलेट बरामद हुईं।


पूछताछ में नशीली दवाओं की बिक्री में बंटी उर्फ सुमित की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ ही नशीली दवाओं के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनिश परमार निवासी शिवपुर, देवबंद, सहारनपुर और बंटी उर्फ सुमित निवासी मुबारिकपुर अलीपुर, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *