विनोद धीमान
हरिद्वार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन लगाम’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 173 अवैध नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस अब बरामद नशीले कैप्सूलों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली लक्सर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग और सुरागरसी-पतारसी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस के अनुसार लक्सर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग के दौरान दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से डाईक्लोमाईन, टरमाडोल व एक्टामाईनोफोन के कुल 173 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
पूछताछ में दोनों आरोपितों के नशे के आदी होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपित इन कैप्सूलों को स्वयं के सेवन के साथ-साथ अपनी निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए बेचने के उद्देश्य से अपने पास रखते थे। पुलिस अब बरामद कैप्सूलों की सप्लाई के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ कोतवाली लक्सर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते वसीम अहमद उर्फ सीम्मी, पुत्र जाहिद हसन, निवासी नेन्हदपुर सुठारी, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार व आरिफ, पुत्र फुरकान, निवासी मोहल्ला ढाब, सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार बताए गए हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपितों का चालान कर दिया है।


