हरिद्वार। धर्मनगरी के हरकी पैड़ी क्षेत्र में अखाड़े की संपत्ति पर कथित अवैध होटल निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष और उनके भाई पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि बिना नक्शा स्वीकृति और विभागीय एनओसी के निर्माण कार्य कराया जा रहा है तथा संबंधित अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, निरंजनी अखाड़े की संपत्ति पर स्थित एक धर्मशाला को होटल में तब्दील करने का प्रयास किया जा रहा है। इस निर्माण को लेकर हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) पहले ही सख्त रुख अपना चुका है। बीते वर्ष अवैध निर्माण के तहत डाले जा रहे लेंटर को अधिकारियों ने सील कर दिया था। इसके बावजूद दोबारा निर्माण की कोशिश की गई, जिस पर फिर से सीलिंग की कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि तीसरी बार निर्माण प्रयास के दौरान विभागीय अभियंता की ओर से नगर कोतवाली में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बावजूद निर्माण कार्य को पूरा कर होटल में बदलने की कोशिशें जारी रहने के आरोप हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपित पक्ष द्वारा एचआरडीए अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए दफ्तर परिसर में धरना-प्रदर्शन भी किया गया। साथ ही व्यापारियों को यह कहकर साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है कि निर्माण का नक्शा स्वीकृत हो चुका है, जबकि विभागीय स्तर पर अभी तक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए हैं।
इस पूरे मामले में विभागीय अधिकारी दबाव में आए बिना कार्रवाई करते नजर आ रहे हैं। वहीं, स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है और अखाड़े की संपत्ति के संरक्षण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


