विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर के बोडाहेड़ी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हथियारबंद लोगों ने दावत में आए रिश्तेदारों पर हमला कर दिया, हवाई फायरिंग की और मेहमान की कार में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मुबारिक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 जून की रात उसने अपने रिश्तेदार साहिब और सहबान को दावत पर बुलाया था। दोनों जैसे ही उसके घर पहुंचे, तभी पुरानी रंजिश रखने वाले कुछ लोग हथियारों के साथ वहां आ धमके।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर के बाहर खड़ी आल्टो कार को नुकसान पहुंचाया और फिर घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं। इसी दौरान एक आरोपी ने कथित तौर पर बंदूक से हवाई फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मुबारिक के अनुसार हमलावरों ने उसके बेटे सारिक, भाभी मोमिना तथा मेहमान साहिब और सहबान के साथ लाठी-डंडों, सरियों और धारदार हथियारों से मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि आज मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


