रविवार को टैंक की सफाई करते हुए एक दम्पत्ति की दम घुटने से मौत हो गई। दम्पत्ति मूलरूप से बदायूं जिले के रजऊ कस्बा के रहने वाले थे। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हादसा हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में हुआ।
मुखानी के आदर्श नगर निवासी जगदीश जोशी की बिठूरिया नंबर फेस एक में गौशाला है। जहां पर मटरू लाल उम्र 40 वर्ष काम करता था और परिवार के साथ यहीं पर रहता था। जगदीश के अनुसार रविवार की सुबह उन्होंने गोमूत्र का टैंक साफ करवाया। टैंक में थोड़ा गोमूत्र बच गया था। जिसे साफ करने के लिए मटरू उतर गया। दम घुटने से वह टैंक के अंदर बेहोश हो गया।
उसकी पत्नी रानी उम्र 35 वर्ष उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतरी। वह भी दम घुटने से बेहोश हो गई। दोनों को बामुश्किल टैंक से बाहर निकाला गया। मुखानी थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि निजी अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया है। दम्पत्ति की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


