हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में जमीन के सौदे से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला पत्रकार के पति के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और लाखों रुपये की ठगी के आरोप लगे हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला क्या है?
कनखल निवासी नीरज अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उन्होंने प्रतीक अग्रवाल और ऐश्वर्य रस्तोगी के साथ जमीन खरीदने का सौदा किया था। आरोप है कि रजिस्ट्री कराने के नाम पर उनसे लगभग ₹30 लाख रुपये ले लिए गए। पीड़ित का कहना है कि रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे वापस किए गए।
कई बार हुई पंचायत, नहीं निकला हल
नीरज अग्रवाल के अनुसार, विवाद को सुलझाने के लिए शहर के कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी में कई बार बैठकें और पंचायतें आयोजित की गईं। इसके बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया और आरोपियों द्वारा लगातार टालमटोल की जाती रही।
धारदार हथियार से हमला, जान से मारने की धमकी
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हाल ही में जब वह अपने कार्यालय से घर लौट रहे थे, उसी दौरान ऐश्वर्य रस्तोगी ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई और यदि कानूनी कार्रवाई की गई तो जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए कनखल थाना पुलिस ने आरोपी ऐश्वर्य रस्तोगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना के एसएसआई अनुज सिंह के अनुसार,
जमीन लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है
अन्य साक्ष्यों को भी एकत्र किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी


