पुलिस ने गोली कांड से किया इंकार, विवेचना में तथ्यों के आधार पर होगी कार्यवाई
हरिद्वार। जनपद के थाना पथरी क्षेत्र के बुक्कनपुर गांव में बुधवार को दो पक्षो में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए खूनी संघर्ष में ग्राम प्रधान पर धारदार हथियार से हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया था। हमले को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गये थे। पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने नामजद आरोपितों में से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बुक्कनपुर गांव से एक लड़की अपने घर से गायब थी, जिसका आरोप लड़की पक्ष के लोग गांव के ही दूसरे पक्ष मौजूदा प्रधान के लोगों पर लगा रहे थे। जबकि लड़की पक्ष का कहना है कि लड़की को अगवा करने वाले लोगों ने उनके परिवार के एक लड़के को डरा धमका कर फैसले पर साईन करा लिए हैं, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
वहीं बुधवार सुबह लगभग 9 बजे के आसपास दोनों पक्षों में इसी बात को लेकर फिर से झगड़ा हो गया। देखते-देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे व चाकू व गोली चलने लगी। जिसमें प्रधान सहित दोनों पक्षों के 6 लोग घायल हो गए थे। वहीं प्रधान पक्ष के लोगों की तरफ से आरोपितों के विरुद्ध तहरीर देकर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आज दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
लक्सर सीओ निहरिका सेमवाल ने बताया कि बीते रोज 112 के माध्यम से पथरी क्षेत्र के बुक्कनपुर गांव में झगड़ा होने की सूचना मिली थी। जब पुलिस वहां पहुँची तो एक व्यक्ति गम्भीर अवस्था में घायल पड़ा हुआ था, जिसको 108 के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित परिवार की ओर से बुधवार शाम को तहरीर दी गई थी जिसके आधार पर नामजद आरोपितों के विरुद्ध 307, बलवा, 323, 504 की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपितों में से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में विवेचना चल रही है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाऐगी।
सीओ निहारिका सेमवाल ने मामले में गोली चलने की बात को नकारते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया फायरिंग की बात सही नहीं है, यदि ऐसा हुआ है तो विवेचना में जो भी तथ्य सामने आऐंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।