यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 7 की मौत, 12 घायल

अल्मोड़ा जिले के सल्ट भिकियासैंण क्षेत्र में भिकियासैंण-विनायक रोड पर द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस दुर्घटना में 7 यात्रियों के मौत की सूचना है। जबकि कई अन्य यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


दुर्घटना हुई बस रामनगर के कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड संस्था की बस संख्या यूके 07 पीए 4025 है। बस सोमवार को सुबह 11 बजे रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए चली थी। आज सुबह साढ़े छह बजे बस द्वाराहाट नोबाड़ा से रामनगर के लिए रवाना हुई थी। लेकिन डेढ़ घंटे बाद करीब 8 बजे बस सैलापानी बैंड के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के तहत चालक-परिचालक ठीक बताए जा रहे हैं।


अल्मोड़ा जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। वहीं लगभग 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बस में कुल 19 यात्री सवार थे। इसमें कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे को लेकर सीएम धामी ने दुख जताया है।


हादसे में गोविंद बल्लभ पुत्र कुलमणि मठपाल निवासी जमोली, उम्र 80 वर्ष, पार्वती देवी पत्नी गोविंद बल्लभ निवासी जमोली, उम्र 75 वर्ष, रिटायर्ड सूबेदार नंदन सिंह पुत्र भूपाल सिंह अधिकारी निवासी जमोली, उम्र 65 वर्ष, तारा देवी पत्नी महेश चंद्र निवासी बाली पटवारी क्षेत्र, उम्र 50 वर्ष, गणेश पुत्र भीमबहादुर, उम्र 25 वर्ष, उमेश पुत्र नामालुम, उम्र 25 वर्ष की मौत हो गयी। शेष एक मृतक की शिनाख्त की जा रही है।


जबकि हादसे में नंदा बल्लभ पुत्र सदानंद निवासी नौबाड़ा, उम्र 50 वर्ष, राकेश कुमार पुत्र महावीर प्रसाद निवासी जीआईसी द्वाराहाट, उम्र 55 वर्ष, नंदा देवी पत्नी देवेंद्र सिंह निवासी नौबाड़ा, उम्र 40 वर्ष, हंसी सती पत्नी रमेश चंद्र निवासी सिंगोली, उम्र 36 वर्ष, मोहित सती निवासी नौघर, उम्र 16 वर्ष, बुद्धिबल्लभ भगत निवासी अमोली, उम्र 58 वर्ष, हरीश चंद्र निवासी पाली, उम्र 62 वर्ष, भूपेंद्र सिंह अधिकारी निवासी जमोली, उम्र 64 वर्ष, जितेंद्र रेखाड़ी निवासी विनायक, उम्र 37 वर्ष, नवीन चंद्र पुत्र दुर्गापाल तिवारी, उम्र 55 वर्ष (बस चालक), हिमांशु पालीवाल पुत्र महेंद्र चंद्र पालीवाल, उम्र 17 वर्ष, प्रकाश चंद्र पुत्र रामदत्त निवासी चचरौटी स्यालदे, उम्र 43 वर्ष घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार भिकियासैंण अस्पताल में चल रहा है। हालांकि, अब गंभीर रूप से दो घायलों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *