लूट के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली

हरिद्वार। एक बदमाश के पुलिस की मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है। गोली लगने से घायल बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। घटना भगवानपुर के डाडली सिरचंदी गांव में हुई। आरोपी बदमाश का नाम रोहित पुत्र राम किशन निवासी ग्राम चोली भगवानपुर बताया जा रहा है। घायल आरोपी को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।


भगवानपुर के सिकंदरपुर स्थित केजरीवाल कंपनी के लेबर ठेकेदार से बदमाशों ने पहले 8 लाख रुपये की लूट की और चाकुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल ठेकेदार को रुड़की सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां से डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। हायर सेंटर में उपचार के दौरान ठेकेदार की मौत हो गई थी। मामले में ग्रामीणों ने एक बदमाश को मौके पर धर दबोचा था, इसके बाद से पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश में लगी हुई थी।


इस कड़ी में देर शाम भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली कि ठेकेदार से लूटपाट और हत्या में शामिल एक बदमाश डाडली गांव के पास देखा गया है। सूचना पर भगवानपुर थाना पुलिस के अलावा झबरेड़ा और आसपास थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की, लेकिन बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के जवाबी फायरिंग में एक बदमाश की पैर में गोली लग गई। जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। घायल बदमाश को सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *