हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक आदेश चौहान के कैंप कार्यालय पर कांग्रेस के कुछ कथित विधानसभा दावेदारों द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस प्रदर्शन को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे कांग्रेस की घोर हताशा और राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम बताया है।
भाजपा की ओर से जारी बयान में सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने कहा कि कांग्रेस आज जनता के बीच अपनी जमीन पूरी तरह खो चुकी है और उसके नेता केवल चुनावी मौसम में ही सक्रिय होकर “बरसाती मेंढ़कों” की तरह सामने आते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि रानीपुर विधायक आदेश चौहान द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों और जनता से उनके सीधे जुड़ाव के कारण विपक्ष कमजोर स्थिति में पहुंच गया है, जिससे कांग्रेस नेता बौखलाहट में इस तरह के प्रदर्शन कर रहे हैं।
अतुल वशिष्ठ ने कहा कि कांग्रेस के ये प्रदर्शन जनता का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश मात्र हैं, लेकिन लोग इनके खोखले दावों को पहले ही नकार चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार तथा विधायक की जनकल्याणकारी नीतियों से क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिल रहा है।
भाजपा नेता ने यह भी कहा कि कांग्रेस के ऐसे ओछे हथकंडों से भाजपा की लोकप्रियता या विकास कार्यों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि रानीपुर की जनता विकास के साथ है और आगामी चुनावों में एक बार फिर भाजपा को समर्थन देगी।


