जनपद नैनीताल के रामनगर में बीती रात सांप के डसने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गयी। परिजन नाजुक हालत में बच्चों को पहले सीएचसी रामनगर फिर हल्द्वानी एसटीएच लेकर आये। जहां डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया वहीं इलाज के दौरान आज सुबह बेटे की भी मौत हो गई है।
प्राप्त हो रही जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश झांसी के पन्ना निवासी राहुल रामनगर के पीरुमदारा में करीब 15 दिन पहले अपने परिवार के साथ आये थे। वे यहां मजदूरी का कार्य करते हैं। बीती रात वह और उनका परिवार एक कमरे में सोए हुए थे अचानक बेटा देव उम्र 6 वर्ष और बेटी नित्या उम्र 4 वर्ष जोर-जोर से रोने लगे। जिससे उनकी आंख खुल गई। बच्चों के पिता ने देखा सामने संाप बैठा था और सांप ने दोनों ही बच्चों के हाथ पर डस लिया था।
परिजन फौरन दोनों बच्चों को लेकर रामनगर सीएससी पहुंचे। जहां बच्चों की नाजुक हालत को देखते हुए उनको हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हल्द्वानी में अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने नित्या को मृत घोषित कर दिया और बेटे देव का इलाज शुरू करते हुए गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन शुक्रवार सुबह देव ने भी दम तोड़ दिया है। बच्चों की असमयिक मौत से परिजन सदमे में हैं।


