हरिद्वार गोलीकांड में बड़ा मोड़: संभावित आरोपी ने कोतवाली में किया सरेंडर, तमंचा और स्कॉर्पियो भी सौंपी

हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के संभावित आरोपी ने स्वयं को पुलिस के सामने पेश करते हुए कोतवाली में सरेंडर कर दिया। आरोपी अपने साथ वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन भी लेकर पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 मई को विजय भाई पुत्र स्वर्गीय कर्ण सिंह निवासी टिकोलकला, मंगलौर ने थाना बहादराबाद में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 12 मई 2026 को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उनका पीछा करते हुए उनकी गाड़ी पर फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच में गोली चलने की पुष्टि हुई। लगातार जांच और दबिश के बीच शनिवार देर रात मामले ने नया मोड़ ले लिया, जब मंजीत नामक युवक खुद कोतवाली बहादराबाद पहुंच गया। आरोपी अपने साथ वह तमंचा भी लाया, जिससे कथित तौर पर वादी की गाड़ी पर गोली चलाई गई थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी मंजीत पुत्र ओंकार सिंह निवासी शिव गंगा विहार कॉलोनी, शांतरशाह थाना बहादराबाद, उम्र 32 वर्ष है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 25(1-बी)(ए) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में आरोपी अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *