राजधानी देहरादून के चर्चित अजय बटेजा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई ने ही शार्प शूटर को सुपारी देकर अपने भाई की हत्या करवाई थी। मामले में शामिल कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
घटना 26 मई 2025 की है, जब जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि उनके भाई अजय बटेजा की जाखन स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी में अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपुर थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से कई संदिग्धों को चिन्हित किया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी इस हत्याकांड में शामिल है। इसके बाद पुलिस टीम ने मुजफ्फरनगर पहुंचकर जैकी को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार अजय बटेजा की हत्या किसी पुरानी रंजिश नहीं बल्कि करोड़ों की प्रॉपर्टी विवाद का नतीजा थी। मृतक के सौतेले भाई अमित बटेजा ने ही हत्या की साजिश रची और जैकी को सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया। इस पूरी साजिश में जैकी की प्रेमिका हुमेंरा उर्फ जोया भी शामिल थी, जो वारदात के बाद से फरार चल रही थी।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने लगातार दबिश और निगरानी के बाद 25 हजार की इनामी आरोपी हुमेंरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है, जिससे मामले में और अहम जानकारियां मिलने की संभावना है। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता अमित बटेजा अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद देहरादून में एक बार फिर प्रॉपर्टी विवाद को लेकर बढ़ते अपराधों पर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ते हुए पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।


