दो बाघों की हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई, श्यामपुर रेंज अधिकारी हटाए गए

हरिद्वार। हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के सजनपुर बीट में दो बाघों की जहरीला पदार्थ देकर हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्यामपुर रेंज अधिकारी विनय राठी का चार्ज हटा दिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से डीएफओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामले में विभागीय जांच जारी है।


हरिद्वार के डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए रेंज अधिकारी को नोटिस जारी किया गया था। प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें श्यामपुर रेंज से हटाकर कार्यालय अटैच कर दिया गया है। वहीं, चिड़ियापुर रेंज के रेंज अधिकारी महेश शर्मा को श्यामपुर रेंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।


जंगल में रीक्रिएट किया गया क्राइम सीन
वन विभाग ने इस मामले में जेल में बंद आरोपी आलम उर्फ फम्मी को कोर्ट से रिमांड पर लेकर शनिवार को घटना स्थल पर पहुंचाया। अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे घटनाक्रम को दोबारा दोहराया गया और क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया। वन विभाग की टीम ने दिनभर जंगल में घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच की।


भैंस के शिकार का बदला लेने के लिए रची गई साजिश
जांच में सामने आया है कि 16 मई को एक बाघिन ने वन गुज्जर आलम उर्फ फम्मी की भैंस का शिकार किया था। इससे नाराज होकर आलम ने अपने साथियों के साथ मिलकर बाघिन को मारने की योजना बनाई। आरोपियों ने मृत भैंस के शव पर खेतों में इस्तेमाल होने वाला जहरीला पदार्थ छिड़क दिया।


बताया जा रहा है कि उसी जहरीले मांस को बाघिन और उसके करीब दो साल के दो शावकों ने खाया, जिससे दोनों बाघों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शवों के पैर काट दिए और उन्हें जंगल में छिपा दिया।


बाघों के अंग बेचने की थी तैयारी
वन विभाग के अनुसार आरोपी बाघों की खाल, नाखून, पंजे और अन्य अंगों को दिल्ली में बेचने की तैयारी में थे। हालांकि वन कर्मियों की सतर्कता के चलते आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


मास्टरमाइंड अभी भी फरार
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी आमिर हमजा उर्फ मियां है, जो अभी फरार चल रहा है। उसने रोशनाबाद स्थित सीजेएम कोर्ट में सरेंडर अर्जी दाखिल की है। वन विभाग की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *