हरिद्वार। जनपद में अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए लण्ढौरा क्षेत्र में चल रहे दो अवैध निर्माण कार्यों पर कार्रवाई की है। लगातार चेतावनी और निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य बंद न करने पर प्राधिकरण टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों स्थलों को सील कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकारपुर रोड, लण्ढौरा (तहसील रुड़की) में मोहब्बत द्वारा भूतल पर लगभग 15×150 फीट के क्षेत्रफल में दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह कब्रिस्तान के पास पीरपुरा रोड, पठानपुरा रोड क्षेत्र में श्री मुस्तकीम (ठेकेदार) द्वारा लगभग 40×80 फीट के क्षेत्र में टिन शेड डालकर हॉल का निर्माण कार्य किया जा रहा था।
प्राधिकरण के अनुसार, दोनों ही निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के कराए जा रहे थे, जो कि नियमों के विरुद्ध है। इस पर संबंधित अधिनियम की धाराओं के तहत वाद दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू की गई।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि निर्माणकर्ताओं को कई बार कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों की अवहेलना करते हुए निर्माण जारी रखा गया। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर पुलिस बल की उपस्थिति में दोनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान उपस्थित निर्माणकर्ताओं को सख्त हिदायत दी गई कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


