हरिगिरि महाराज पर उदसीन अखाड़े की जमीन पर कब्जे का आरोप, श्रीमहंत दुर्गादास ने उठाए सवाल

प्रयागराज में यमुना पट्टी रेलवे ब्रिज के नीचे स्थित कई एकड़ जमीन को बताया बड़े उदासीन अखाड़े की संपत्ति, कब्जा नहीं छोड़ने पर दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी


हरिद्वार। अखाड़ों के बीच जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के श्रीमहंत दुर्गादास महाराज ने जूना अखाड़े के कथित अंतरराष्ट्रीय संरक्षक हरिगिरि महाराज पर प्रयागराज में अखाड़े की कई एकड़ जमीन पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। श्रीमहंत ने दावा किया है कि यमुना पट्टी रेलवे ब्रिज के नीचे स्थित जिस जमीन पर कब्जा किया गया है, वह श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन की संपत्ति है। उन्होंने हरिगिरि महाराज से जमीन खाली करने की मांग करते हुए ऐसा नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।


श्रीमहंत दुर्गादास महाराज ने बताया कि प्रयागराज में यमुना पट्टी रेलवे ब्रिज के नीचे स्थित जमीन को लेकर अखाड़े के दस्तावेजों की जानकारी जुटाई गई थी। इस दौरान उन्हें पता चला कि अखाड़े की कई एकड़ जमीन पर दूसरे पक्ष का कब्जा है। उनका आरोप है कि जूना अखाड़े के कथित अंतरराष्ट्रीय संरक्षक हरिगिरि महाराज ने उक्त जमीन पर कब्जा किया हुआ है, जबकि यह भूमि श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन की है।


उन्होंने कहा कि संबंधित जमीन यमुना नदी के फ्लड एरिया में भी आती है। ऐसे में जमीन के स्वामित्व और उस पर किए गए कब्जे का मामला गंभीर है। अखाड़े की संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर जमीन को कब्जामुक्त कराने की पहल की जाएगी।


श्रीमहंत दुर्गादास महाराज ने कहा कि अखाड़ों के बीच आपसी सौहार्द और धार्मिक परंपराओं का सम्मान बना रहना चाहिए। इसी भावना के तहत वह चाहते हैं कि हरिगिरि महाराज स्वयं पहल करते हुए अखाड़े की जमीन से कब्जा छोड़ दें। इससे अनावश्यक विवाद और आपसी कटुता की स्थिति पैदा नहीं होगी।


उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया और अखाड़े की जमीन खाली नहीं की गई तो वह कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगे। अखाड़े की संपत्ति को हर हाल में कब्जामुक्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अखाड़े की जमीन और संपत्तियों की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *