मॉर्निंग वॉक पर निकले सहायक उद्योग अधिकारी की सड़क हादसे में मौत

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सहायक उद्योग अधिकारी की मौत हो गई। हादसा चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में ऑल वेदर रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार मुर्गा लदी पिकअप वाहन ने मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद पिकअप वाहन सड़क पर पलट गया।


मृतक की पहचान 26 वर्षीय मामराज पुत्र टीका सिंह निवासी टिपरी बिष्ट, चिन्यालीसौड़ के रूप में हुई है। वह कंडीसौड़ में सहायक उद्योग अधिकारी के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


हादसे में शामिल वाहन का नंबर यूके 07 सीए 3919 बताया गया है। वाहन चालक की पहचान रोहित पुत्र स्वर्गीय सुभाष चंद्र निवासी कुंड, नौगांव बड़कोट के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। वहीं, चालक को झपकी आने की संभावना भी जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *