कन्नौज में चर्चित रेप कांड में पूर्व सपा नेता नवाब सिंह यादव की सहयोगी पूजा तोमर जेल से छूटने के बाद साध्वी बनकर रहने लगीं। कोर्ट में तारीख पर न पेश होने के कारण उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया। पुलिस ने उन्हें अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें जिला जेल अनौगी भेजा गया।
चौधरी चंदन सिंह महाविद्यालय में 11 अगस्त 2024 को नाबालिग छात्रा के साथ रेप मामले में पूर्व सपा नेता नवाब सिंह यादव को अरेस्ट किया गया था। कांड में पूजा तोमर का नाम भी सामने आया, जो नवाब सिंह की सहयोगी और रेप मामले में आरोपी है। पूजा पर गैंगस्टर एक्ट और पॉक्सो एक्ट की कार्रवाई भी हुई थी। चार महीने जेल में रहने के बाद उन्हें गैंगस्टर और पॉक्सो मामलों में कोर्ट से जमानत मिल गई थी, जिसके बाद वह भूमिगत हो गई थीं।

कोर्ट में गैरहाजिरी पर वारंट जारी
सुनवाई के दौरान पूजा तोमर कोर्ट में कई तारीखों पर पेश नहीं हुईं। तारीखों की सुनवाई में गैरहाजिरी के बाद पॉक्सो और गैंगस्टर कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। कन्नौज पुलिस ने उन्हें तलाश कर गिरफ्तार किया और 27 मार्च को जिला जेल अनौगी भेजा।
पूजा तोमर की जमानत के लिए उनके वकील अभिषेक द्विवेदी ने गैंगस्टर और पॉक्सो कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। सुनवाई 2 अप्रैल को होने वाली थी, लेकिन कोर्ट ने इसे 6 अप्रैल के लिए स्थगित कर दिया। इससे उनकी मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं।
जेल से साध्वी बनने तक का सफर
अधिवक्ता अभिषेक द्विवेदी ने बताया कि जेल से छूटने के बाद पूजा तोमर ने प्रवज्ञा ले ली है और उनका पिंडदान भी हो चुका है। अब वह साध्वी बन गई हैं और पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने पर उन्हें साध्वी भेष में ही कोर्ट में पेश किया गया। इस नए किरदार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और जनता के बीच यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।


