हरिद्वार में एक और घूसखोर गिरफ्तार, नारसन ब्लॉक में रिश्वत लेते PRD के BEO को विजिलेंस ने दबोचा

हरिद्वार। रुड़की के नारसन ब्लॉक में तैनात प्रांतीय रक्षक दल के ब्लॉक एनफोर्समेंट ऑफिसर को विजिलेंस टीम ने कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अधिकारी और कर्मचारी भी सकते में आ गए।

जानकारी के मुताबिक, मुंडियाकी निवासी जोगेंद्र ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि नारसन ब्लॉक में तैनात कुलदीप द्वारा उनसे किसी काम के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच शुरू की और शिकायत की पुष्टि के लिए सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को विजिलेंस टीम ने नारसन ब्लॉक परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही कथित तौर पर रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, टीम ने कुलदीप को पकड़ लिया। उसके पास से 35 हजार रुपये की नकदी बरामद होने की बात सामने आई है।

विजिलेंस टीम के अनुसार बरामद रकम में 500-500 रुपये के नोट शामिल थे। कार्रवाई के दौरान ब्लॉक परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

विजिलेंस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही खंड विकास अधिकारी सहित ब्लॉक के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। विजिलेंस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। रिश्वत किस काम के एवज में मांगी गई थी और मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

फिलहाल, विजिलेंस की इस कार्रवाई से नारसन ब्लॉक में चर्चाओं का बाजार गर्म है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े आरोपों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *