भाजपा की नई टीम का ऐलान: स्मृति ईरानी महासचिव, तीरथ सिंह रावत समेत 13 नेताओं को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। संगठन में व्यापक बदलाव करते हुए अनुभवी नेताओं के साथ क्षेत्रीय संतुलन, महिला प्रतिनिधित्व और नए चेहरों को भी जगह दी गई है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव शामिल किए गए हैं।


पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं आरएसएस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राम माधव और अन्य वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में स्मृति ईरानी के अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को शामिल किया गया है। वहीं बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे।

पार्टी ने पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया है, जबकि शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा 16 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।

नई टीम में महिलाओं को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए 13 नेताओं में पांच महिलाएं शामिल हैं। भाजपा नेतृत्व ने नई टीम को अनुभव और युवा ऊर्जा के संयोजन के रूप में पेश किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन नबीन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने की उम्मीद जताई है।

भाजपा की यह नई टीम आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। संगठन में अलग-अलग राज्यों और सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपना संगठनात्मक संतुलन साधने का प्रयास किया है। उत्तर प्रदेश से भी कई नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *