अमेरिकन आश्रम को लेकर संतों में घमासान, श्रीमहंत गोपाल गिरी बोले—“आवाहन अखाड़े की संपत्ति, बेचने का अधिकार किसी को नहीं”

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित प्रसिद्ध अमेरिकन आश्रम (स्वामी देवानंद आश्रम) को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। श्री आवाहन अखाड़े के श्रीमहंत गोपाल गिरी ने दावा किया है कि आश्रम और उससे जुड़ी संपत्ति पर आवाहन अखाड़े का पूर्ण अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को आश्रम की भूमि की खरीद-फरोख्त या उसे बेचने का अधिकार नहीं है।


श्रीमहंत गोपाल गिरी ने कहा कि स्वामी देवानंद आवाहन अखाड़े के सम्मानित संत थे और उनका पूरा जीवन अखाड़े की परंपराओं के अनुरूप रहा। उनके अनुसार, स्वामी देवानंद के बाद आश्रम की संपत्ति, देखरेख और अधिकार आवाहन अखाड़े के पास ही हैं।


उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भू-माफिया और स्वार्थी तत्व आश्रम की संपत्ति को बेचने का प्रयास कर रहे हैं। श्रीमहंत ने कहा कि यदि अखाड़े की संपत्ति को लेकर कोई बैनामा या एग्रीमेंट किया गया है तो उसकी वैधता पर कानूनी प्रक्रिया के तहत सवाल उठाया जाएगा।


श्रीमहंत गोपाल गिरी ने बताया कि मामले को लेकर आवाहन अखाड़े का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराते हुए कथित अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग करेगा।


उन्होंने चेतावनी दी कि आश्रम की भूमि पर कब्जे या उसकी खरीद-फरोख्त का प्रयास किया गया तो आवाहन अखाड़ा कानूनी तरीके से कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि आश्रम की संपत्ति की सुरक्षा के लिए अखाड़ा हर संभव कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *