पिरान कलियर नगर पंचायत में भ्रष्टाचार का आरोप, EO कुलदीप चौहान को हटाने की मांग तेज

हरिद्वार। नगर पंचायत पिरान कलियर में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर जन अधिकार पार्टी (ज.) ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गिरी गोस्वामी को शिकायत पत्र सौंपकर अधिशासी अधिकारी कुलदीप चौहान को तत्काल पद से हटाने तथा पूरे प्रकरण की CBI से जांच कराने की मांग की है।


शिकायत पत्र में नगर पंचायत में शासकीय धन के दुरुपयोग, अवैध प्लॉटिंग, टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता, न्यायालय के आदेशों की अवहेलना, NGT के निर्देशों के उल्लंघन और भ्रष्ट कर्मचारियों को संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।


आज़ाद अली का आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी धन से अवैध प्लॉटिंग क्षेत्रों में सड़कें बनाई गईं, पुराने कर्मचारियों को बिना नोटिस हटाकर नियमों के विपरीत नई नियुक्तियां की गईं तथा हैंडपंप कार्यों में GEM पोर्टल और ई-टेंडर प्रक्रिया को दरकिनार कर ऑफलाइन टेंडर के जरिए चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया गया।


उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को नोटिस देकर डराने का प्रयास किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद हटाए गए अतिक्रमण दोबारा स्थापित कर अवैध वसूली की जा रही है और इंटर कॉलेज के पास NGT के निर्देशों के विपरीत कूड़ा डंप किया जा रहा है।


इसके अलावा, भ्रष्टाचार के आरोपी एक कर्मचारी को बार-बार आउटसोर्स और उपनल के माध्यम से नियुक्त करने तथा भू-माफियाओं को संरक्षण देने के भी आरोप लगाए गए हैं।


आज़ाद अली ने कहा कि पिरान कलियर नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी और नगर पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने मांग की कि कुलदीप चौहान को तत्काल पद से हटाकर उनके पूरे कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *