सड़क हादसा: युवक की मौत के बाद हंगामा, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र के चंडीघाट चौकी इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामपुर कांगड़ी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार प्रवेश (40 वर्ष), निवासी चंडीघाट बस्ती (हाल पता कांगड़ी), की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और चंडीघाट बस्ती के स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। इनमें महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। आक्रोशित भीड़ आरोपी कार चालक को तत्काल सामने लाने की मांग पर अड़ गई।


पुलिस द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई और स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती चली गई। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने चंडीघाट चौकी में तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे माहौल और बिगड़ गया।


स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ को वहां से हटाया गया और हालात पर काबू पाया गया।


पुलिस के मुताबिक स्कूटी और कार की टक्कर में एक स्थानीय युवक की मौत हुई है। घटना के बाद कुछ लोग चौकी पर जमा हो गए थे, जिनमें से एक-दो नशे में धुत व्यक्तियों द्वारा पत्थरबाजी की गई। फिलहाल स्थिति सामान्य है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *