नशे ने बनाया हैवान! बेटे ने मां को 12 बोर से मारी गोली, हालत नाजुक

उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल चौकी क्षेत्र की बांध विस्थापित कॉलोनी में रविवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नशा करने से रोकने पर एक युवक ने कथित तौर पर 12 बोर के तमंचे से अपनी ही मां को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार है।


पुलिस के अनुसार, आरोपी सुमित गौड़ नशे का आदी बताया जा रहा है। रविवार रात उसकी मां ऊषा देवी ने उसे नशा करने से रोका और समझाने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर सुमित ने घर में मौजूद 12 बोर के तमंचे से अपनी मां पर फायर कर दिया।


गोली लगने से ऊषा देवी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक कुमार राठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा लाइसेंसी था या अवैध।


चौकी प्रभारी विवेक कुमार राठी ने बताया कि महिला की हालत गंभीर है और आरोपी सुमित गौड़ घटना के बाद फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।


इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे की लत ने एक बेटे को इस हद तक पहुंचा दिया कि उसने अपनी ही मां की जान लेने की कोशिश कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *