दुकान और मकान में बिजली चोरी पकड़ी, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई

विनोद धीमान
हरिद्वार।
बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। मंगलवार को लक्सर कोतवाली के सुल्तानपुर क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक इलेक्ट्रिकल दुकान और एक मकान में बिजली चोरी पकड़ी गई। विभाग ने मौके पर ही दोनों के विद्युत कनेक्शन काट दिए और आरोपितों के खिलाफ थाना लक्सर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी।


उपखंड अधिकारी सचिन सचदेवा के नेतृत्व में अवर अभियंता पवन सक्सेना तथा लाइन स्टाफ बंटी, अशरफ, मोहन, राजवीर और अजय ने ग्राम सुल्तानपुर के अली चौक क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान अकरम न्यू इलेक्ट्रिकल की दुकान और अशरफ के मकान में बिजली चोरी का मामला सामने आया।


टीम ने तत्काल दोनों स्थानों के विद्युत कनेक्शन काटते हुए विभागीय औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद दोनों आरोपितों के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में थाना लक्सर में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।


अवर अभियंता देवेंद्र सिंह ने कहा कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऊर्जा निगम का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *