विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर ट्रक यूनियन के सचिव अनिल चौधरी ने यूनियन के ही एक पदाधिकारी पर गोली मारने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनिल चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और गोली मारने की धमकी दी। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि ट्रक यूनियन से जुड़ा मामला पदाधिकारी और एक सदस्य के बीच पहले से चला आ रहा है। देर शाम भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामले में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही धमकी के आरोपों से जुड़े तथ्यों और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


