औद्योगिक क्षेत्र में एनटीएल कंपनी के गोदाम में लगी भीषण आग, समय रहते टला बड़ा हादसा

हरिद्वार। जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह एनटीएल कंपनी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास की फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई।


बताया जा रहा है कि गोदाम में कूड़ा-कर्कट और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान दमकल विभाग को सूचना दी गई।


भगवानपुर फायर स्टेशन प्रभारी सत्यपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही कर्मचारियों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, जिससे बड़ा हादसा और भारी नुकसान टल गया।


फायर विभाग के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया आग गोदाम में पड़े कूड़ा-कर्कट से फैलती हुई प्रतीत हो रही है। विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *