देर रात दो मंजिला मकान की छत से एक युवक गिर गया। जिससे युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक चमोली का रहने वाला था। फिलहाल, पुलिस शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना डोईवाला कोतवाली क्षेत्र के भानियावाला काण्डरवाला की है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात किराए के मकान में रह रहे 24 वर्षीय रविंदर सिंह बिष्ट पुत्र रघुवीर सिंह की दो मंजिला छत से गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 3.30 बजे एक जोरदार आवाज आई तो घर में मौजूद लोगों की नींद टूटी और वो घर से बाहर निकले। उन्होंने देखा तो युवक घर के बाहर पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने 108 की मदद से युवक को पहले सरकारी अस्पताल पहुंचाया फिर वहां से हिमालयन अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
काण्डरवाला के पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि युवक चमोली जिले के ग्राम रोपा का रहने वाला था। जो लालतप्पड़ स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। उन्होंने बताया कि अभी युवक के छत गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हो सकता है कि नींद में होने पर युवक अचानक छत से गिर गया होगा। डोईवाला कोतवाली के एसएसआई राज विक्रम सिंह ने बताया कि युवक के सिर से काफी खून बह रहा था। अधिक खून बहने की वजह से युवक की मौत हो सकती है। परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। परिजनों के आने के बाद शव सौंप दिया जाएगा। पुलिस युवक के छत से गिरने के पीछे के कारणों का पता लगा रही है।