नगर पालिका लक्सर में नौ समितियों के गठन की मांग, सभासदों ने अध्यक्ष को सौंपा प्रस्ताव

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से लेकर वित्तीय पारदर्शिता और जनशिकायतों तक की निगरानी के लिए समितियां बनाने की मांग


लक्सर। नगर पालिका परिषद लक्सर में विकास कार्यों की गुणवत्ता, वित्तीय पारदर्शिता और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान को लेकर सभासदों ने नौ प्रमुख समितियों के गठन की मांग उठाई है। इस संबंध में सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष को पत्र सौंपकर आगामी बोर्ड बैठक के एजेंडे में समितियों के गठन का प्रस्ताव शामिल करने की मांग की है।


सभासदों की ओर से दिए गए पत्र में निर्माण कार्य एवं गुणवत्ता निगरानी समिति, टेंडर एवं क्रय प्रक्रिया समीक्षा समिति, वित्त एवं लेखा समिति, बजट एवं भुगतान समीक्षा समिति, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य समिति, पेयजल एवं जल निकासी समिति, पथ प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था समिति, विकास कार्य एवं वार्ड निगरानी समिति तथा जनशिकायत एवं जनसुनवाई समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया है।


सभासदों ने मांग की है कि प्रत्येक समिति में नियमानुसार तीन निर्वाचित सभासदों को सदस्य बनाया जाए। समिति के अध्यक्ष और सदस्यों का चयन निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के तहत हो। साथ ही प्रत्येक समिति के कार्यक्षेत्र और अधिकार लिखित रूप में तय किए जाएं। संबंधित विभागों के अधिकारी समितियों को आवश्यक अभिलेख और सूचनाएं उपलब्ध कराएं तथा नियमित बैठक आयोजित कर कार्यों की समीक्षा की जाए।
पत्र में यह भी मांग की गई है कि प्रत्येक समिति अपनी रिपोर्ट आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्तुत करे, जिससे विकास कार्यों की प्रगति और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा हो सके।


सभासदों का कहना है कि समितियों के गठन से नगर पालिका के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। साथ ही विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनसमस्याओं के समाधान में निर्वाचित सभासदों की सक्रिय भागीदारी भी बढ़ेगी। उन्होंने अध्यक्ष से आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखकर नियमानुसार निर्णय पारित कराने का अनुरोध किया है।
पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में सचिन – वार्ड 10, केशव नगर
पंकज कुमार – वार्ड 04, शिवपुरी
नीलम – वार्ड 11, केशव नगर पूर्वी
अरविंद कुमार – वार्ड 01, अंबेडकर नगर
हरीश – वार्ड 03, शिवपुरी आदि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *