हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी तथा गायत्री परिवार की आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक अखंड दीप के प्रज्वलन के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में भव्य एवं दिव्य उत्सव का शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने देश-विदेश से पहुंचे संत-महात्माओं और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में अमेरिका के टेम्पा स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के महंत आचार्य ओम जी सहित देश के शीर्ष संतों ने भी सहभागिता की। दीप प्रज्वलन के साथ ही शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में आध्यात्मिक उल्लास और उत्सव का वातावरण बन गया। आयोजन को गायत्री परिवार की साधना, तप और आध्यात्मिक परंपरा के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।
माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी का यह आयोजन उनके आध्यात्मिक योगदान, नारी जागरण, संस्कार निर्माण और समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना के प्रयासों को स्मरण करने का विशेष अवसर है। वहीं अखंड दीप के 100 वर्ष पूरे होना गायत्री परिवार की साधना और आध्यात्मिक चेतना की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है।
समारोह के शुभारंभ अवसर पर संतों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। शांतिकुंज एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस उत्सव के माध्यम से गायत्री परिवार अपनी आध्यात्मिक विरासत, विचारधारा और जनकल्याणकारी संकल्पों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत कर रहा है।
जन्मशताब्दी और अखंड दीप के शताब्दी वर्ष का यह आयोजन गायत्री परिवार के लिए ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व रखता है।

