छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती और तीन भाइयों पर हमला, लाठी-डंडों से पीटा

महिला समेत नौ लोगों के खिलाफ शिकायत, चार घायलों को मेडिकल के लिए भेजा

विनाेद धीमान

लक्सर। पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर कलां में 17 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसे जबरन खींचने का प्रयास किया। युवती की चीख-पुकार सुनकर बचाव में पहुंचे उसके तीन भाइयों पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में युवती समेत चार लोग घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार, ग्राम नसीरपुर कलां निवासी जाहिद की 17 वर्षीय पुत्री के साथ गांव के कुछ युवक कथित तौर पर छेड़छाड़ कर रहे थे। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि युवकों ने उसका हाथ पकड़कर जबरन खींचने का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर उसके भाई अनस, सोनू और आस मोहम्मद मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि भाइयों के पहुंचते ही युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से युवती और उसके भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में युवती, अनस, सोनू और आस मोहम्मद घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


पीड़ित परिवार ने फेरुपुर पुलिस चौकी पहुंचकर एक महिला समेत नौ लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत की है। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
फेरुपुर चौकी प्रभारी मोहन कठैत ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। सूचना मिलने पर चेतक पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया था। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए मेडिकल चिट्ठी दी गई है। अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *