संतों पर यौन शोषण के आरोपों से बचने के लिए अनिवार्य हो नसबंदी

स्वामी सुमित आनंद महाराज का बड़ा बयान, कहा- संत बनने से पहले देना हो नसबंदी का प्रमाण पत्र; संन्यास की पुरानी परंपरा को फिर से लागू करने की जरूरत


हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के महामंडलेश्वर एवं कथावाचक इंद्रदेव महाराज के यौन शोषण के आरोपों में घिरने के बाद संत समाज में भी इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में अग्नि अखाड़े के सचिव व श्री श्याम अखाडे के अध्यक्ष स्वामी सुमितानंद महाराज ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने संत समाज में नई बहस छेड़ने के संकेत दे दिए हैं। उन्होंने संतों पर लगातार लग रहे यौन शोषण के आरोपों पर चिंता जताते हुए साधु बनने से पहले नसबंदी अनिवार्य किए जाने की मांग उठाई है।


स्वामी सुमितानंद महाराज का कहना है कि बीते कुछ समय से संतों और कथावाचकों पर यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। ऐसी घटनाओं से न केवल संबंधित संतों की छवि प्रभावित होती है, बल्कि पूरे संत समाज और सनातन परंपरा की प्रतिष्ठा पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों को रोकने और संत समाज की मर्यादा बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

उन्होंने सुझाव दिया कि जो भी व्यक्ति भविष्य में साधु-संत बनने की इच्छा रखता है, उसके लिए संन्यास ग्रहण करने से पहले नसबंदी कराना अनिवार्य किया जाना चाहिए। इतना ही नहीं, साधु बनने की प्रक्रिया में नसबंदी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की व्यवस्था भी लागू होनी चाहिए। उनके अनुसार, इससे संतों पर लगने वाले यौन शोषण के आरोपों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।


स्वामी सुमितानंद महाराज ने संन्यास की पुरानी परंपराओं का हवाला देते हुए कहा कि पूर्व में संन्यास ग्रहण करने के दौरान नस दबाने की एक परंपरा प्रचलित थी। हालांकि, वर्तमान समय में यह परंपरा लगभग समाप्त हो चुकी है। उनका मानना है कि इसी परंपरा के स्थान पर संत बनने से पहले नसबंदी अनिवार्य करने की व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि संत का जीवन त्याग, तपस्या, संयम और ब्रह्मचर्य पर आधारित होता है। ऐसे में संत बनने वाले व्यक्ति के लिए इन मर्यादाओं का पालन सर्वोपरि होना चाहिए। संतों पर बार-बार यौन शोषण के आरोप लगने से समाज में गलत संदेश जाता है। इसलिए संत समाज को आत्ममंथन करते हुए ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह के विवादों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *