धामी सरकार का ऐतिहासिक फैसला, मुख्यमंत्री का जताया आभार
बोले- गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को दीपावली का बड़ा तोहफा, धामी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा उत्तराखंड
हरिद्वार। प्रदेश सरकार की ओर से बिजली बिलों में सरचार्ज माफी की घोषणा का पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संजय गुप्ता तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद महाराज ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। दोनों नेताओं ने इस फैसले को गरीब, जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत बताते हुए इसे प्रदेश की जनता को दीपावली का विशेष उपहार करार दिया।

पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार जनहित को प्राथमिकता देते हुए फैसले ले रही है। बिजली बिलों में माफी का निर्णय उन परिवारों के लिए राहत लेकर आया है, जिनके सामने बढ़ते घरेलू खर्चों के बीच बिजली बिलों का भुगतान करना चुनौती बन जाता है। सरकार के इस कदम से हजारों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनके घरों में दीपावली की खुशियां बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने साबित किया है कि उनकी सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आम आदमी की समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठा रही है। प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है। धार्मिक पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार प्रयास हो रहे हैं।
संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड के विकास का महापुरुष बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश ने विकास और सुशासन की दिशा में नई पहचान बनाई है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, नकल माफिया पर अंकुश लगाने, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू करने और गरीबों के कल्याण के लिए सरकार के प्रयास सराहनीय हैं।
वहीं, स्वामी यतीश्वरानंद महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिजली बिलों में राहत देकर प्रदेश की जनता को दीपावली का अनमोल उपहार दिया है। सरकार का यह निर्णय जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता के हित में लिए जा रहे फैसले मुख्यमंत्री की संवेदनशील सोच और मजबूत नेतृत्व का परिचायक हैं।
स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन, औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास में आगे बढ़ रहा है। हरिद्वार सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क संपर्क, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आगामी कुंभ मेले को लेकर भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। बिजली बिलों में माफी जैसे निर्णय आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले हैं। दोनों नेताओं ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।

